बिठूर में महिला रेडियो एनाउंसर को युवक ने भेजा मैसेज:'सो क्यूट बेबी' कहने पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज


कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के सिंहपुर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली विधवा महिला रेडियो एनाउंसर ने अपने पड़ोसी युवक पर लगातार अश्लील संदेश भेजने, अभद्र टिप्पणियां करने और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर पीड़िता के अनुसार उनके पति एक बैंक में कार्यरत थे, जिनका कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। वर्तमान में वह अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ अपार्टमेंट में रहती हैं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक पिछले दो वर्षों से उन्हें मोबाइल फोन पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा है। इतना ही नहीं, वह आए दिन अभद्र टिप्पणियां भी करता है, जिससे वह और उनकी बेटी मानसिक तनाव में हैं। महिला का कहना है कि आरोपी युवक अपने घर पर अक्सर दोस्तों के साथ शराब पार्टी करता है। कई बार समझाने के बावजूद उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने अपने फ्लैट के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, जिसकी जानकारी सोसाइटी सचिव को भी दी गई थी। आरोप है कि कैमरे लगने के बाद युवक ने उन्हें हटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। सोमवार को युवक ने कथित रूप से सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और महिला को चौकी बुलाकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने चौकी में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *