![]()
लखनऊ बीबीडी क्षेत्र के सराय शेख में घर के बाहर टहल रहे एक व्यक्ति से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। बाइक सवार बदमाश सिगरेट खरीदने के बहाने पास पहुंचे। इसके बाद घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सराय शेख शिव नगर कॉलोनी निवासी रामचंदर सिंह के मुताबिक, 9 जून की रात करीब 8:30 बजे वह अपने मकान के सामने टहल रहे थे। इसी दौरान मकान के पीछे वाले रास्ते से बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा उनकी दुकान पर पहुंचकर सिगरेट मांगने लगा। उन्होंने दुकान में सिगरेट न होने की बात कही, तभी युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से करीब दो तोला वजन की सोने की चेन खींच ली और साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। घटना के बाद रामचंदर सिंह और उनकी पत्नी ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बाइक की रफ्तार के कारण उन्हें पकड़ नहीं सके। पीड़ित का कहना है कि उनकी पत्नी ने बदमाश को करीब से देखा है और सामने आने पर पहचान सकती हैं। पीड़ित के अनुसार, बदमाश सराय शेख से पश्चिम दिशा की ओर भागे और आगे बीबीडी कोतवाली की तरफ जाने वाले मार्ग पर मुड़ गए। दोनों ने करीब 500 मीटर तक उनका पीछा किया। इसके बाद जगन्नाथ मंदिर के पास पहुंचकर बदमाश लक्ष्मणपुर की ओर निकल गए। इंस्पेक्टर राम सिंह का कहना है पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Source link
घर के बाहर टहल रहे व्यक्ति की चेन लूटी:सिगरेट खरीदने के बहाने पहुंचे बाइक सवार बदमाश फरार, जांच में जुटी पुलिस