बिजली चेकिंग करने पहुंची विजिलेंस टीम को ग्रामीणों ने घेरा:लखीमपुर में घरों में बिना सूचना घुसने का आरोप; विवाद बढ़ा तो टीम मौके से लौटी


लखीमपुर खीरी के मझगई थाना क्षेत्र के चौखड़ा फार्म में बुधवार को बिजली कनेक्शनों की जांच करने पहुंची विजिलेंस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। चेकिंग के दौरान टीम के अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख विजिलेंस टीम के अधिकारी मौके से चले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, विजिलेंस टीम बिजली कनेक्शनों की जांच के लिए चौखड़ा फार्म पहुंची थी। आरोप है कि टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के कई घरों में प्रवेश किया। उस समय घरों में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जबकि परिवार के पुरुष सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने टीम की कार्रवाई पर सवाल उठाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने टीम को घेरा घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विजिलेंस टीम से चेकिंग की प्रक्रिया और घरों में प्रवेश करने को लेकर सवाल-जवाब किए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। विरोध बढ़ता देख विजिलेंस टीम के अधिकारियों ने मौके से हटना उचित समझा और वहां से चले गए। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की मांग ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली चोरी की जांच के नाम पर किसी घर में प्रवेश करने से पहले नियमानुसार सूचना दी जानी चाहिए। उनका यह भी कहना है कि जिन घरों में महिलाएं मौजूद हों, वहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी होनी चाहिए। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम पलिया और पुलिस से करने की बात कही है। आधिकारिक शिकायत की पुष्टि नहीं फिलहाल, मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। विजिलेंस विभाग की ओर से भी घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चौखड़ा फार्म में विजिलेंस टीम के विरोध का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *