मीट एंड ग्रीट अभियान में बसों की सघन चेकिंग:परमिट-फिटनेस से लेकर आपातकालीन निकास तक जांचे; यात्रियों को भी किया जागरूक


उन्नाव में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उन्नाव यातायात पुलिस ने रविवार शाम 7 बजे ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत रोडवेज और स्लीपर बसों की सघन चेकिंग की। शाम करीब सात बजे चलाए गए अभियान में बसों को रोककर उनके दस्तावेजों के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की भी जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। एसएसपी जयप्रकाश सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार मौर्य के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अभियान चलाया। अभियान माननीय न्यायालय के आदेश के क्रम में संचालित किया गया। परमिट-फिटनेस से दस्तावेज तक जांच चेकिंग के दौरान रोडवेज और स्लीपर बसों के परमिट, फिटनेस, चालक और परिचालक के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात पुलिस ने यह भी देखा कि बसें निर्धारित नियमों और क्षमता के अनुसार संचालित हो रही हैं या नहीं। चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने और क्षमता से अधिक यात्रियों को बस में न बैठाने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन निकास भी परखा यातायात पुलिस ने बसों के भीतर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। विशेष रूप से आपातकालीन निकास समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों को परखा गया। पुलिस ने चालकों और परिचालकों को किसी भी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा से समझौता न करने की हिदायत दी। यात्रियों से सीधा संवाद अभियान का एक अहम हिस्सा बसों में सवार यात्रियों से संवाद करना भी रहा। पुलिस टीम ने यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। यात्रियों से कहा गया कि यात्रा के दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उल्लंघन पर कार्रवाई चेकिंग के दौरान जिन वाहनों में यातायात नियमों अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के माध्यम से पुलिस का फोकस बसों की तकनीकी और दस्तावेजी जांच के साथ यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने पर भी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *