![]()
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बकरीद मनाने गांव लौटे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार रात बिजनौर-मंडावर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गजरौला क्षेत्र के जंदरपुर निवासी समीर (18) पुत्र रमजानी के रूप में हुई है। समीर चंडीगढ़ में फर्नीचर का काम करता था और बकरीद के मौके पर अपने गांव आया हुआ था। बाइक से बिजनौर जा रहा था बहनोई को लेने परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 बजे समीर बाइक से बिजनौर अपने बहनोई को लेने जा रहा था। इसी दौरान जंदरपुर स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद समीर सड़क पर गिर पड़ा और वाहन का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। इससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। समीर अपने परिवार में सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
Source link
बिजनौर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर:युवक की मौत, बकरीद मनाने आया था घर