बारिश में डूबा पीपलशाह गांव, घरों में घुसा पानी:मुजफ्फरनगर में मकानों में दरारें, पशुओं का चारा बहा


मुज़फ्फ़रनगर में पहली ही मूसलाधार बारिश ने चरथावल क्षेत्र के पीपलशाह गांव में विकास की पोल खोल दी। गांव में जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त होने से घरों, गलियों और पशुशालाओं तक पानी भर गया। हालात से नाराज ग्रामीणों के बीच पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के नेता विकास शर्मा ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन पानी के बीच ही जारी रहेगा। विकास शर्मा ने बताया कि गांव में जलभराव की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और खंड विकास अधिकारी चरथावल को अवगत कराया गया था। उन्होंने मांग की थी कि पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन डालकर स्थायी व्यवस्था की जाए, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि लगातार जलभराव के कारण ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया है। पशुओं के नीचे तक पानी भर गया है और उनका भूसा भी बह गया। रसोई तक पानी पहुंचने से लोगों के सामने भोजन बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है। भाकियू नेता ने आरोप लगाया कि जलभराव के कारण कई मकानों में दरारें पड़ने लगी हैं और उनके गिरने का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा गांव में सांप और जहरीले कीड़े घरों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एक ग्रामीण को जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर सूजन और चकत्ते पड़ गए। ग्रामीणों के साथ पानी में खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे विकास शर्मा ने कहा कि प्रशासन ने समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था कर दी होती तो आज गांव के लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक ग्रामीणों के साथ आंदोलन जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *