![]()
बाराबंकी जिले में लगे विवादित राजनीतिक होर्डिंग को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर’ बताया गया है, जबकि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को ‘रहमान डकैत’ दिखाया गया है। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। नाराजगी के चलते सपा कार्यकर्ताओं ने दरियाबाद में लगी इन होर्डिंग्स को फाड़ दिया। इस घटना का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि सपा नेता अखिलेश वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष जयसी राम रावत और सोनू यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर इन पोस्टरों को हटाया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस तरह के पोस्टर समाज में वैमनस्य फैलाने और लोगों को बांटने का प्रयास हैं। मंगलवार को हैदरगढ़ क्षेत्र पहुंचे पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर से सवाल किया गया, तो उन्होंने सपा पर तीखा हमला बोला। राजभर ने कहा कि जो लोग खुद को लोकतंत्र का रक्षक बताते हैं, उन्हें पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देखना चाहिए। उन्होंने सपा सरकार के समय की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस दौरान प्रदेश में दंगे होते थे और लोग पलायन को मजबूर थे। मंत्री राजभर ने दावा किया कि सपा शासनकाल में बड़ी संख्या में दंगे हुए और कई लोगों की जान गई, जबकि वर्तमान सरकार में अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
Source link
बाराबंकी में सपा कार्यकर्ताओं ने धुरंधर वाले पोस्टर फाड़े:ओमप्रकाश राजभर बोले- सपा सरकार में लोग पलायन को मजबूर थे