![]()
बाराबंकी जनपद के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के पानापुर गांव में रविवार को एक घटना सामने आई। बड़े भाई की शादी से एक दिन पहले दूल्हे के छोटे भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में शोक छा गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार को बड़े भाई की बारात जानी थी। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और तैयारियां जोरों पर थीं। मृतक युवक घर में डीजे बजा रहा था। डीजे पर गाना बजाने को लेकर घर के कुछ लोगों से उसकी मामूली कहासुनी हो गई। यह बात युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने गुस्से में आकर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे देखा तो आनन-फानन में अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही टिकैतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के पिता ने बताया कि आज उनके बड़े बेटे की बारात जानी थी। उन्होंने कहा कि छोटा बेटा कल खुद ही उत्साह से डीजे बजा रहा था, पता नहीं अचानक क्या हुआ और उसने यह कदम उठा लिया। इस हादसे के बाद शादी के सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए हैं। बारात जाने के दिन छोटे बेटे का शव घर पहुंचने की आशंका से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Source link
बाराबंकी में डीजे विवाद, दूल्हे के भाई ने की आत्महत्या:शादी से एक दिन पहले युवक ने फांसी लगाई, खुशियां मातम में बदलीं