बागपत में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति शोभायात्रा की अनुमति मांगी:12 को विश्व हिंदू महासंघ निकालेगा यात्रा, पुलिस से मांगी सुरक्षा और सहयोग


बागपत में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ और शोभायात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विश्व हिंदू महासंघ की बागपत इकाई यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है। संगठन के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है। इसमें 12 सितंबर 2026 को प्रस्तावित शोभायात्रा के लिए अनुमति और जरूरी सहयोग मांगा गया है। पत्र में बताया गया है कि यह कार्यक्रम गोरक्षपीठ के आशीर्वाद से होगा। धर्माचार्य अध्यक्ष डॉ. हरिओम पाठक और प्रदेश अध्यक्ष श्री भिखारी प्रजापति के निर्देश पर इसे आयोजित किया जाएगा। संगठन के मुताबिक, यह शोभायात्रा संत समाज की अगुवाई में निकलेगी। इसमें करीब 100 से 150 लोग शामिल होने की उम्मीद है। मातृशक्ति यानी महिलाएं भी इसमें हिस्सा लेंगी। वे कलश लेकर यात्रा में शामिल होंगी। विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने अपने पत्र में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि जैसे श्रीराम जन्मभूमि के लिए संघर्ष के बाद वहां धार्मिक स्थल बना, वैसे ही मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए भी संगठन अपनी मांग उठा रहा है। इसी मकसद से 12 सितंबर को उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कार्यक्रम और यज्ञ किए जाएंगे। बागपत में शोभायात्रा का रास्ता तय हो गया है। यह दुर्गा मंदिर रेलवे स्टेशन से शुरू होकर नेहरू रोड और फूस वाली मंदिर से होते हुए जाएगी। यात्रा कोताना रोड पर स्थित पंचमुखी मंदिर पर खत्म होगी। संगठन ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मांगी है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से निकाली जाएगी। पुलिस को आयोजकों और पदाधिकारियों की जानकारी भी दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *