![]()
प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित कृपालु धाम मनगढ़ के भक्ति मंदिर में 4 सितंबर को होने वाले भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर प्रशासन और भक्ति परिषद ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को जन्मोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। बुधवार शाम प्रयागराज के एडीजी ज्योति नारायण ने मनगढ़ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एक नंबर गेट से प्रवेश, 32 से निकासी भक्ति परिषद के जनसंपर्क अधिकारी राजीव तनेजा के मुताबिक श्रद्धालुओं को एक नंबर गेट के मुख्य प्रवेश द्वार से मंदिर परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। यहां से बैरिकेडिंग के निर्धारित रास्ते से श्रद्धालु झांकियों के दर्शन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के दर्शन के लिए मंदिर में जाएंगे। दर्शन-पूजन के बाद भक्ति परिसर में लगाए गए झूलों आदि का आनंद ले सकेंगे। श्रद्धालुओं की निकासी 32 नंबर गेट से कराई जाएगी। प्रसाद और जूता-चप्पल स्टैंड नहीं होगा अत्यधिक भीड़ को देखते हुए इस बार जन्मोत्सव के दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था नहीं की गई है। मंदिर परिसर और बाहर जूता-चप्पल स्टैंड भी नहीं बनाया गया है। श्रद्धालुओं को अपने जूते-चप्पल की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। मंदिर परिसर में जूते-चप्पल पहनकर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुपर जोन, जोन और सेक्टर में बंटी सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा व्यवस्था को सुपर जोन, तीन जोन और 13 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी थाना प्रभारी स्तर के अधिकारियों को सौंपी जाएगी। सीओ शिवनारायण वैश्य ने बताया कि सुपर जोन की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे, जबकि तीनों जोन की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारियों के पास रहेगी। एडीजी ने पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था देखी बुधवार शाम प्रयागराज के एडीजी ज्योति नारायण ने एसपी दीपक भूकर, एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय समेत अन्य अधिकारियों के साथ मनगढ़ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था देखी। अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न होने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। मेटल डिटेक्टर से जांच, बम निरोधक दस्ते की तैनाती श्रद्धालुओं की प्रवेश द्वार से परिसर तक सुरक्षा जांच की जाएगी। धातु खोजी यंत्र और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे जाने दिया जाएगा। बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और विशेष हथियार एवं रणनीति दल भी तैनात रहेंगे। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। आसपास के जिलों से आएगा अतिरिक्त पुलिस बल जन्माष्टमी के दिन आईजी प्रयागराज स्वयं मनगढ़ में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। एसपी दीपक भूकर भी मौके पर मौजूद रहेंगे। कौशांबी, फतेहपुर, प्रयागराज समेत आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया जाएगा। कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भारी भीड़ को देखते हुए मवई, बेंती, करेटी, मझिलगांव और ताजपुर तिलोरी समेत कई स्थानों पर वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। संग्रामगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को मीरापुर के पास पार्क कराया जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बारिश को देखते हुए मुख्य परिसर से दूर रोके जाएंगे वाहन बारिश को देखते हुए राजमार्ग से निकलने वाले संपर्क मार्गों पर भी पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। वाहनों को मुख्य परिसर से दूर रोककर श्रद्धालुओं को पैदल या निर्धारित साधनों से भक्ति धाम तक पहुंचाया जाएगा। भीड़ बढ़ने पर प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिसकर्मी यातायात नियंत्रित करेंगे। डीएम-एसपी लगातार कर रहे निगरानी मनगढ़ आश्रम की ओर से राजीव तनेजा और युवराज सिंह ने अधिकारियों को जन्माष्टमी आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम कुंडा लगातार तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि लाखों श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराए जाएं और भक्ति धाम के आसपास जाम की स्थिति न बने।
Source link
कृष्ण जन्मोत्सव पर भक्ति धाम में एडीजी ने सुरक्षा परखी:परिसर को 3 जोन और 13 सेक्टरों में बांटा, 6 जगह पार्किंग की व्यवस्था