![]()
बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र के बल्लान गांव के माड़ी पुरवा में शनिवार देर शाम एक तालाब में डूबने से 11 वर्षीय आशीष की मौत हो गई। आशीष अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था, तभी यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, आशीष शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित तालाब के पास वह अपने दोस्तों के साथ खेलने लगा। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा। आशीष को डूबता देख उसके पड़ोसी दोस्त चुन्नू (13) ने उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, गहरे पानी में पहुंचने पर चुन्नू भी डूबने लगा। भयभीत होकर चुन्नू ने तालाब किनारे झाड़ियों का सहारा लेकर अपनी जान बचाई। अन्य दोस्तों ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब 20 मिनट की तलाश के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। आशीष की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आशीष अपनी मां सुशीला और पिता देवीचरण का इकलौता पुत्र था। घटना के समय पिता देवीचरण मजदूरी करने बांदा गए हुए थे। कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि आशीष की मौत तालाब में डूबने से हुई है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
Source link
बांदा में तालाब में डूबा 11 वर्षीय बालक:शौच के लिए निकला था, दोस्तों के साथ खेलते समय हादसा