बांदा में जर्जर सड़क और जलभराव से लोग परेशान:डीएम से की लोधेश्वर मोहल्ले की सड़क निर्माण की मांग, जांच के आदेश


बांदा शहर के लोधेश्वर मोहल्ले के निवासियों ने जर्जर सड़क और बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी अमित आसेरी को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क की हालत खराब है और कई बार शिकायत के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। मोहल्लेवासियों के अनुसार, क्षेत्र की सड़क पूरी तरह कच्ची और जगह-जगह से टूटी हुई है। बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। जलभराव का असर आसपास के मकानों की नींव पर भी पड़ रहा है और कई घरों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रोजमर्रा के काम पर जाने वाले लोगों को भी कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन सड़क निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात में बढ़ जाती है समस्या मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। जलभराव के कारण पूरे इलाके का जनजीवन प्रभावित रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। डीएम ने दिए जांच के निर्देश मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने सिटी मजिस्ट्रेट को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से रिपोर्ट लेकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *