बहराइच में स्वास्थ्य मेले का आयोजन:सैकड़ों महिलाओं को मिला लाभ, टीबी मरीजों को पोषण पोटली दी गई


बहराइच के जरवल स्थित सीएचसी मुस्तफाबाद में मंगलवार को एक विशाल स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यह मेला स्वास्थ्य विभाग और पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने मोबियस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया। महिला सशक्तिकरण को समर्पित इस मेले में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मेले में कुल 754 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 722 वयस्क (महिला व पुरुष) और 32 किशोर-किशोरियां शामिल थे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने 350 मरीजों की इंटरनल मेडिकल ओपीडी और 240 मरीजों की सामान्य मेडिकल ओपीडी में जांच की। इसके अतिरिक्त, 42 किशोर-किशोरियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य मेले में 43 पुरुषों को परिवार नियोजन पर विशेष परामर्श दिया गया। महिला और पुरुष मिलाकर कुल 50 लाभार्थियों को परिवार नियोजन के साधनों के साथ परामर्श उपलब्ध कराया गया। पात्र 33 लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इस मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, समूह सखी और स्वास्थ्य सखियों ने सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर महिलाओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों, परिवार नियोजन के महत्व और दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने के प्रति जागरूक किया गया। टीबी मरीजों को पोषण सहयोग के लिए पोषण पोटली भी वितरित की गई। मेले को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि एक स्वस्थ महिला ही सशक्त समाज की नींव रखती है। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त (स्वत: रोजगार) धनंजय सिंह ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और आजीविका एक-दूसरे के पूरक हैं, और उनका लक्ष्य महिलाओं को शारीरिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुंवर रितेश ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य मेले ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि सभी पात्र परिवारों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनें, ताकि कोई भी गरीब इलाज से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 65 स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पीएफआई की राज्य प्रतिनिधि शिल्पा नायर, खंड विकास अधिकारी जरवल, डीएचईआईओ बृजेश सिंह, डीसीपीएम मो. राशिद, आरकेएसके से राकेश गुप्ता, मोबियस फाउंडेशन से प्रभात कुमार तथा पीएफआई के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *