बहराइच में ट्रांसपोर्ट कारोबारी की हत्या:रात में फोन आने के बाद घर से निकले थे, सरयू नहर किनारे खून से लथपथ मिला शव


बहराइच में ट्रांसपोर्ट कारोबारी की सोमवार रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वह वरिष्ठ पत्रकार संजय द्विवेदी के छोटे भाई थे। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला नानपारा कोतवाली क्षेत्र का है। अजय कुमार द्विवेदी (55) के मोबाइल पर सोमवार रात करीब 8:30 बजे किसी का फोन आया। इसके बाद वह बाइक से घर से निकल गए। करीब एक घंटे बाद कानपुर निवासी अज्जू नामक व्यक्ति ने अजय के बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन सरयू नहर के सिसवारा गांव के पास पहुंचे। वहां अजय कुमार द्विवेदी सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ पड़े मिले। उन्हें तत्काल आर.ए.एस. मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा ले गए, जहां चिकित्सकों ने भी उनकी मौत की पुष्टि कर दी। घटना की सूचना पर सीओ पहुम सिंह, थाना प्रभारी राजनाथ नाथ सिंह, राजा बाजार चौकी प्रभारी राम गोविंद वर्मा, चौकी प्रभारी कामेश्वर राय सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *