बस्ती के डॉक्टर ने लखनऊ में की आत्महत्या:सुसाइड नोट में जमीन विवाद का जिक्र, छावनी पुलिस जांच में जुटी


बस्ती के अमोढ़ा कस्बे के निजी चिकित्सक डॉ. गणेश श्रीवास्तव की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मिले कथित सुसाइड नोट में जमीन विवाद का उल्लेख होने की बात सामने आई है। परिजनों की सूचना पर छावनी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, अमोढ़ा निवासी डॉ. गणेश श्रीवास्तव (30) पुत्र पवन कुमार श्रीवास्तव बीती रात लखनऊ के एक अस्पताल में मृत पाए गए। बुधवार सुबह एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर अमोढ़ा स्थित उनके घर लाया गया। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे कस्बे में शोक का माहौल छा गया। बताया जा रहा है कि डॉ. गणेश द्वारा एक सुसाइड नोट लिखा गया था, जिसमें चकबंदी प्रक्रिया से जुड़े जमीन विवाद का जिक्र किया गया है। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। परिजन मामले में तहरीर देने के लिए थाने पहुंचे हैं। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। डॉ. गणेश श्रीवास्तव पिछले एक दशक से अधिक समय से अमोढ़ा में निजी चिकित्सा सेवा दे रहे थे। वह क्षेत्र के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे और जरूरत पड़ने पर 24 घंटे मरीजों को सेवा उपलब्ध कराते थे। उनकी सरल व्यवहार और सेवा भावना के कारण लोग उन्हें काफी सम्मान देते थे। डॉ. गणेश पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी नवंबर माह में प्रस्तावित थी। वह अमोढ़ा कस्बे में किराए के मकान में डिस्पेंसरी संचालित करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिजनों, मरीजों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *