बलिया से भागी 3 लड़कियों को GRP प्रयागराज ने रोका:घर से नाराज होकर नासिक जा रही थीं, छिवकी स्टेशन पर पकड़ा, परिजनों को सौंपा


प्रयागराज जीआरपी ने छिवकी रेलवे स्टेशन पर घर से भागी तीन लड़कियों को बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। यह कार्रवाई रेलवे स्टेशनों पर अवैध मानव तस्करी और अपराधियों की धरपकड़ के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के देखरेख और प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जीआरपी टीम को बलिया के थाना कोतवाली शहर से सूचना मिली थी। उन्हें बताया गया कि ट्रेन संख्या 13201 राजगीर-पटना जनता एक्सप्रेस के जनरल कोच में तीन लड़कियां घर से नाराज होकर नासिक की ओर जा रही हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी छिवकी चौकी प्रभारी रामकरन सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल सक्रिय हो गए। पुलिस टीम ने छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंचकर ट्रेन की सघन चेकिंग की। तलाशी के दौरान बलिया के ग्राम गोपालपुर, थाना कोतवाली की रहने वाली तीनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। उनकी उम्र क्रमशः 20 वर्ष, 16 वर्ष और 15 वर्ष है। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे किसी बात से नाराज होकर घर छोड़कर नासिक जा रही थीं। जीआरपी टीम उन्हें चौकी ले आई और तत्काल उनके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के छिवकी चौकी पहुंचने पर अपनी बेटियों को सकुशल देखकर वे भावुक हो उठे। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों लड़कियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने जीआरपी छिवकी थाना की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *