बलिया में स्वतंत्रता दिवस पर फहराया गया तिरंगा:परिवहन मंत्री बोले- पीएम बलिदानियों के सपने साकार कर रहे


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बलिया के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सरकारी तथा गैर-सरकारी संस्थानों पर शनिवार को तिरंगा फहराया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार प्रांगण और पीडब्ल्यूडी डाक बंगला सहित कई स्थानों पर झंडारोहण किया। तिरंगा फहराने के बाद मौजूद सभी अधिकारियों ने राष्ट्रगान गाया। कलेक्ट्रेट सभागार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि बलिया में क्रांतिकारियों ने 1942 में ही झंडा फहरा दिया था। देखें, 5 तस्वीरें…. उन्होंने आगे कहा कि देश को जब भी आवश्यकता पड़ी, चाहे 1857 में मंगल पांडेय हों या 1942 में बलिया को आजाद करने का गौरव, यह बलिया वासियों को ही मिला। मंत्री ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने पर जोर दिया, जिससे देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने वाले बलिदानियों और सेनानियों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं।
जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर सेनानी आश्रितों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील करते हुए स्वतंत्रता दिवस को गौरवपूर्ण तरीके से मनाने को कहा।
अन्य स्थानों पर भी झंडारोहण किया गया। जिला पंचायत कार्यालय पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी, नगर पालिका कार्यालय पर चेयरमैन संत कुमार उर्फ मिठाईलाल, पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह और विकास भवन पर सीडीओ आलोक कुमार ने तिरंगा फहराया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *