बलिया में श्रीराम कथा का छठा दिन:राजन जी महाराज ने मन को साफ करने का दिया संदेश


बलिया के करीहरा, बेरूआरबारी स्थित बाबा भगवान दास मंदिर परिसर में चल रही नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के छठे दिन शनिवार देर शाम अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने कैकेयी द्वारा वरदान मांगने और भगवान राम के वन गमन की कथा सुनाई। राजन जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि जीवन में समस्याएं आना स्वाभाविक है। इन समस्याओं को स्वीकार करने का स्वभाव बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि भगवान के राम नाम का भजन ही सभी समस्याओं को दूर कर सकता है। महाराज जी ने मन की तुलना दर्पण से करते हुए कहा कि यदि दर्पण पर मैल जम जाए तो उसमें अपना चेहरा दिखाई नहीं देता। ठीक उसी प्रकार, यदि मन रूपी दर्पण पर मैल जम जाए तो प्रभु का भजन नहीं हो पाता और उनके दर्शन भी नहीं होते। इसलिए पहले मन रूपी दर्पण को साफ करना आवश्यक है, जिसके बाद प्रभु स्वयं दिखाई देने लगेंगे। कथा के दौरान राजन जी महाराज ने मंथरा के बहकावे में आकर कैकेयी द्वारा महाराज दशरथ से अपने दो पुराने वरदान मांगने का प्रसंग सुनाया। इन वरदानों में भरत के लिए राजसिंहासन और भगवान राम के लिए 14 वर्ष का वनवास शामिल था। उन्होंने बताया कि राम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्यावासियों के विलाप के बीच रात में ही वन के लिए निकल पड़े थे। महाराज ने गंगा पार करते समय केवट द्वारा श्रीराम के चरणों को धोने और निषादराज गुह द्वारा भगवान राम को रात्रि विश्राम प्रदान करने की संपूर्ण कथा भी उपस्थित श्रद्धालुओं को विस्तार से सुनाई। कथा में आए श्रद्धालु पूरे ध्यान से श्रवण करते रहे और भजनों पर झूमते भी रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से संयोजक एवं विधायक केतकी सिंह, आयोजक राकेश सिंह, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, ब्लॉक प्रमुख चंद्रभूषण सिंह भोला सिंह, काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारी राजेश जी, विनय तिवारी, विजय कुमार सिंह, जयप्रकाश दुबे, माया सिंह, प्रभा सिंह, अंकुश सिंह, राजकुमार वर्मा, विद्या शंकर गुप्ता, पंकज दुबे, रीता मिश्रा, पिंटू सिंह, सुनील सिंह, पारस सिंह, राकेश महाजन, राजेश दुबे, रजनीश सिंह, लखन सिंह, प्रशांत सिंह, अनिल सिंह, शैलेंद्र जी, राजू शर्मा, दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुलिस प्रशासन का सहयोग भी सराहनीय रहा। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *