बलिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई:चार प्रतिष्ठानों से सात नमूने लिए, 75 किलो खराब मिठाई नष्ट कराई


बलिया के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सात नमूने लिए गए। एक दुकान पर करीब 75 किलो बदबूदार और मक्खियों से भरी मिठाई मिली, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। छेना रसगुल्ला और लालमोहन में मिली गंदगी अभियान के दौरान बांसडीह के मिश्रवलिया चौराहा स्थित संदीप स्वीट का निरीक्षण किया गया। यहां छेना रसगुल्ला और लालमोहन मिठाई के साथ स्किम्ड मिल्क पाउडर और गुलाबजामुन मिक्स पाउडर के नमूने लिए गए। करीब 75 किलो मिठाई बदबूदार और मक्खियों से प्रभावित मिली। टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा बंगाली कोलकाता स्वीट, अंबेडकर तिराहा, बाँसडीह से खोया का एक नमूना लिया गया। रसड़ा के टीका देवरी स्थित मद्धेशिया मिष्ठान भंडार से लालमोहन और डेहरी स्थित पूजा स्वीट भंडार से बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। जांच के लिए भेजे गए सभी सात नमूने अभियान के दौरान चार प्रतिष्ठानों से कुल सात खाद्य नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सीएफएसओ हरेंद्र सिंह और एफएसओ अखिलेश मौर्य, सतीश कुमार सिंह, राकेश एवं पुरंदर यादव शामिल रहे।
त्योहारों पर मिठाई खरीदते समय सावधानी की अपील आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से मिठाई खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने लोगों से स्वच्छ और प्रतिष्ठित दुकानों से ही मिठाई खरीदने तथा दुकान में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव पर ध्यान देने को कहा है। विभाग के अनुसार, मिठाई ताजा, स्वच्छ और दुर्गंध रहित होनी चाहिए। बासी, फफूंद लगी, चिपचिपी या असामान्य रंग और गंध वाली मिठाई खरीदने से बचना चाहिए। पैक्ड मिठाई लेते समय निर्माण या पैकिंग तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण संख्या जरूर जांचनी चाहिए। दूध-खोया की मिठाई जल्द करें इस्तेमाल विभाग ने बताया कि दूध, खोया और छेना से बनी मिठाइयां जल्दी खराब हो सकती हैं। इसलिए इन्हें ताजा खरीदकर जल्द से जल्द इस्तेमाल करना चाहिए। अत्यधिक चमकीले या अस्वाभाविक रंग वाली मिठाइयों से भी बचने की सलाह दी गई है। मिठाई पर लगे चांदी के वर्क की गुणवत्ता की जांच करने और खाद्य-ग्रेड वर्क का ही इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही मिठाई को अखबार में पैक कराकर नहीं लेने की सलाह दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *