![]()
बलरामपुर जनपद के रेहरा बाजार ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत भगवानपुर ग्रंट में शनिवार को “निश्चय शिविर” का आयोजन किया गया। 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत लगे इस शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 14 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की विशेष स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य टीम ने कुल 115 लोगों का डिजिटल एक्स-रे किया। इसके अतिरिक्त, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और बीएमआई जैसी अन्य स्वास्थ्य जांचें भी निःशुल्क की गईं, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में जिन लोगों में लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार और कमजोरी जैसे टीबी के संभावित लक्षण पाए गए, उनके बलगम के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को टीबी के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि यह बीमारी समय पर पहचान और नियमित उपचार से पूरी तरह ठीक हो सकती है। ग्रामीणों को केंद्र सरकार की निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इन योजनाओं के तहत टीबी मरीजों को उपचार के दौरान पोषण संबंधी सहायता प्रदान की जाती है, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें। शिविर के सफल संचालन में एसटीएस महेश त्रिपाठी, एसटीएलएस लवकुश यादव, सीएचओ रंजना, एक्स-रे टेक्नीशियन मदन, एमओआईसी डॉ. विजय भान और ग्राम प्रधान ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को जांच के लिए प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप शिविर में अच्छी भागीदारी दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में लगातार “निश्चय शिविर” आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना और देश को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प को साकार करना है।
Source link
बलरामपुर में 115 लोगों का डिजिटल एक्स-रे:निश्चय शिविर से टीबी मुक्त भारत अभियान को गति