बरेली में सेवा संकल्प अभियान पर दीपोत्सव:स्टेडियम में 2 हजार, अटल आवासीय विद्यालय में 3300 दीप जले; कलेक्ट्रेट में लेजर शो


बरेली में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम हुए। नाथ मंदिरों, कलेक्ट्रेट, तहसील मुख्यालयों, सरकारी कार्यालयों, प्रमुख चौराहों, लीलौर झील, गांधी उद्यान, सीआई पार्क, रामायण वाटिका और नवाबगंज के अटल आवासीय विद्यालय समेत कई स्थानों पर लोगों ने दीप जलाए। कार्यक्रमों में सेवा, जनकल्याण, विकास और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में दीप प्रज्वलन के साथ लेजर शो और रंगोली का आयोजन हुआ। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। जिले की सभी तहसीलों, सरकारी कार्यालयों और प्रमुख स्थानों पर भी दीप जलाए गए। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने घरों पर दीप प्रज्वलित किए। पीएम मोदी के जन्मदिन से जुड़ी फोटो… खिलाड़ियों ने 2 हजार दीप जलाए स्टेडियम में प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने 2 हजार दीप जलाए। भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी गीता शर्मा अरोड़ा ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। नवाबगंज के अधकटा नजराना स्थित अटल आवासीय विद्यालय में श्रम विभाग की ओर से ‘आशीर्वाद का दीया’ थीम पर कार्यक्रम हुआ। यहां 3300 दीप जलाए गए। भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के लाभार्थियों को सामग्री भी वितरित की गई। विभाग की विभिन्न योजनाओं से जुड़े 150 लाभार्थी परिवारों ने अपने घरों पर दीप जलाए। उप श्रमायुक्त कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने 400 दीप जलाए। श्रम विभाग के कार्यक्रमों में कुल 927 लोगों की भागीदारी रही। बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-2 स्थित कार्यालय परिसर और सेक्टर-1 की प्रधानमंत्री आवासीय योजना में भी दीप प्रज्वलन हुआ। शाम 5 बजे हुए कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप जलाकर सेवा, विकास और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता जताई। सेवा संकल्प अभियान पर चित्र प्रदर्शनी लगाई कलेक्ट्रेट में सेवा संकल्प अभियान पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें सेवा, सुशासन, विकास, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को चित्रों के जरिए दिखाया गया। आम लोगों को विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 3.12 करोड़ किसानों के लाभान्वित होने, गन्ना किसानों को 3.25 लाख करोड़ रुपए के भुगतान, 27 नवीन मंडी स्थलों के आधुनिकीकरण और पीएम कुसुम योजना के तहत 91 हजार से अधिक सोलर पंप लगाए जाने की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 3.53 करोड़ से अधिक किसानों को 6120 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति और 16 लाख से अधिक किसानों के बिजली बिल माफ किए जाने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी में डॉ. भीमराव आंबेडकर छात्रावास योजना, माता अहिल्याबाई होल्कर श्रमजीवी महिला हॉस्टल योजना, चौधरी चरण सिंह सेट पार्क योजना, संत रविदास चर्मोद्योग पार्क और संत कबीरदास सीएम मित्र पार्क समेत महापुरुषों के नाम से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की प्रदर्शनी लगी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 4.43 लाख से अधिक कारीगरों को लाभ, ओडीओपी के तहत 21 हजार से अधिक उद्यमियों को 1004 करोड़ रुपए से अधिक की मार्जिन मनी और 3.26 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिए जाने की जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल है। इसके अलावा प्रदेश में 36,800 से अधिक स्वास्थ्य सखियों और 13 हजार से अधिक सूक्ष्म उद्यम सखियों के सक्रिय होने तथा पीएम सूर्यघर योजना से 5.74 लाख से अधिक परिवारों के लाभान्वित होने का भी उल्लेख किया गया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत नाथ मंदिरों, लीलौर झील, कलेक्ट्रेट, सभी तहसील मुख्यालयों, गांधी उद्यान, सीआई पार्क, रामायण वाटिका, प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालयों में भी दीप प्रज्वलन किया गया। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, आंवला भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिव्या ओझा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्या, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी गीता शर्मा अरोड़ा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा और क्रीड़ा अधिकारी शीला भट्टाचार्य समेत अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और नागरिक मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *