बदायूं में बुजुर्ग महिला की हत्या:चूल्हे की ईंट से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार, दोस्त की मां के हत्यारोपी पर चार्जशीट दाखिल


बदायूं में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। सहसवान कोतवाली क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में हुई इस घटना में आरोपी ने अपने दोस्त की मां की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में हत्या के आरोप पुष्ट होने के बाद आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य संकलित किए गए हैं। यह घटना 31 जनवरी की रात की है। काशीराम कॉलोनी निवासी जावित्री देवी अपने घर पर अकेली थीं। उनका छोटा बेटा सौदान रोजगार के सिलसिले में अलीगढ़ गया हुआ था। सौदान ने अपनी मां की देखभाल के लिए अपने दोस्त कृष्णपाल उर्फ भोला निवासी गांव ठिरिया, थाना वजीरगंज को घर पर छोड़ा था। आरोप है कि रात के समय किसी बात को लेकर जावित्री देवी और कृष्णपाल के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कृष्णपाल ने घर में रखी चूल्हे की ईंट उठाकर जावित्री के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घर के भीतर हुई इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। मृतका के बेटे सौदान की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी कृष्णपाल उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि विवाद के दौरान उसे गुस्सा आ गया और उसने ईंट से हमला कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर आरोपी की भूमिका की पुष्टि की। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी कृष्णपाल उर्फ भोला के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। अब इस मामले की सुनवाई अदालत में होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *