![]()
बदायूं में पुलिसिंग फेल होती दिख रही है। मंगलवार रात एक बार फिर एक बाइक सवार युवक से असलहों के बल पर लगभग दो लाख रुपये की लूट हो गई। यह घटना कोतवाली दातागंज इलाके में बरेली रोड पर कमा और धनौरा गांव के बीच हुई। पीड़ित युवक बरेली के भमोरा का रहने वाला है। बरेली के भमोरा निवासी धर्मेंद्र यादव अपनी बाइक से कमा गांव स्थित अपनी ससुराल आ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके पास लगभग 2 लाख रुपये नकद थे। रास्ते में बदमाशों ने असलहों के बल पर उनकी बाइक रुकवा ली। इसके बाद बदमाशों ने धर्मेंद्र के पास रखे नकद रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित धर्मेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोतवाली दातागंज पुलिस के साथ सीओ राहुल पांडेय और एसपी सिटी अभिषेक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित का बयान दर्ज किया और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़ित से बातचीत हुई है, लेकिन उसकी बातों में कुछ बिंदुओं पर विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है और जांच जारी है।
Source link
बदायूं में बाइक सवार से 2 लाख रुपए लूटे:असलहों के बल पर वारदात, पुलिस मामला संदिग्ध बता रही