![]()
बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब मलिहाबाद से आम लेकर पंजाब जा रही एक पिकअप आगे चल रहे अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। यह घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के बजरमैरी गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे के 199 किलोमीटर प्वाइंट पर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान संभल जिले के बरेली सराय निवासी बंटी (25) और मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर निवासी राहुल (23) के रूप में हुई है। पिकअप का चालक अमर सिंह (बंटी का भाई) और पंजाब निवासी अजय घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप अचानक आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गंगा एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से बिनावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने बंटी और राहुल को मृत घोषित कर दिया। चालक अमर सिंह और अजय का उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में मातम छा गया। पुलिस अब एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। मूसाझाग पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हादसा, दो की मौत:अज्ञात वाहन से ने पीछे से मारी टक्कर, मलिहाबाद से आम लेकर पंजाब जा रहा था पिकअप