बदायूं में एंबुलेंस ने बच्ची को रौंदा, मौके पर मौत:टेंपो से उतरते समय सिर पर चढ़ा पहिया, चालक मौके से फरार


बदायूं के कादर चौक चौराहे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सात वर्षीय बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद एंबुलेंस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। यह घटना कादर चौक थाने के पास हुई। मृतक बच्ची की पहचान गोरिया नगला निवासी कोमल के रूप में हुई है। कोमल अपने परिजनों के साथ कादर चौक आई थी और टेंपो से उतरते ही एंबुलेंस की चपेट में आ गई। एंबुलेंस का पहिया बच्ची के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसने तुरंत दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची दर्द से तड़पती रही, लेकिन एंबुलेंस चालक उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक बच्ची को समय रहते अस्पताल पहुंचा देता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से चालक को पकड़ा जा सकता था। मामले पर जानकारी देते हुए सीओ सुनील कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि एंबुलेंस का नंबर पता लगाकर चालक को गिरफ्तार किया जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *