बदायूं में आंधी-बारिश से अब तक चार की मौत:युवक छत से गिरा, मासूम भाई-बहन और युवती की भी जान गई


बदायूं में सोमवार देर शाम आई तेज आंधी-बारिश ने चार लोगों की जान ले ली। शहर में एक युवती की पेड़ गिरने से मौत हो गई, जबकि हजरतपुर में ट्रांसफार्मर गिरने से मासूम भाई-बहन की जान चली गई। उसावा में एक युवक छत से गिरकर मारा गया। सोमवार देर शाम 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। इसके बाद करीब आधे घंटे तक हुई बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई स्थानों पर भारी नुकसान भी पहुंचाया। शहर के गद्दीचौक के पास आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक ऑटो के ऊपर आ गिरा। ऑटो में सवार मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी शवा अलीम (23), पुत्री अहमद अली खान, और चालक संतोष (निवासी उसहैत) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में शवा की मौत हो गई। युवती के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दूसरी ओर, थाना हजरतपुर इलाके के गांव जमालपुर में संतोष राठौर के खेत में लगे ट्यूबवेल के पास एक झोपड़ी पर ट्रांसफार्मर और उसके पोल गिर गए। झोपड़ी में संतोष का बेटा विशेष (11) और उसकी पांच वर्षीय बेटी अनामिका बैठे थे। झोपड़ी धंसने से दोनों मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम रात में ही कराया गया। इसके अलावा, उसावा थाना क्षेत्र के भवन नगला गांव निवासी कप्तान सिंह (30) आंधी के दौरान अपनी छत पर टिनशेड ठीक करने गए थे। तेज हवाओं के कारण वह छत से नीचे गिर गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि आंधी-बारिश में अभी तक तीन लोगों की मौत की रिपोर्ट मिली है। इनमें से दो का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतकों के आश्रितों को दैवीय आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *