फिरोजाबाद में बुलेट की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:जलेसर रोड पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम


फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। जलेसर रोड पर बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान नारखी थाना क्षेत्र के ग्राम मुईहद्दीनपुर निवासी 60 वर्षीय रामवीर पुत्र जयदयाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामवीर ब्रह्मदेव चौकी के पास जलेसर रोड पर पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग जमा हो गए। यूपी-112 पुलिस टीम को सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और परिजनों की सहायता से घायल रामवीर को फिरोजाबाद के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान रामवीर के रूप में की। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना करने वाली बुलेट मोटरसाइकिल और उसके चालक की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *