फिरोजाबाद में तालाब में डूबने से अधेड़ की मौत:परिजनों ने नशे में गिरने की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी


फिरोजाबाद के खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेयातान में सोमवार रात एक व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गांव खेयातान निवासी 45 वर्षीय बंटू पुत्र ताराचंद के रूप में हुई है। उनका शव गांव के तालाब में मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक के भाई सुनील ने बताया कि बंटू को शराब पीने की लत थी। सोमवार रात वह शराब के नशे में घर लौट रहे थे। आशंका है कि इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में गिर गए, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि देर रात तक बंटू के घर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद गांव के कुछ लोगों ने जानकारी दी कि वह तालाब में गिर गए हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खैरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसा प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *