फर्रुखाबाद में तेज हवा के साथ चमक रही बिजली:कायमगंज समेत शहर में बूंदाबांदी, मोबाइल पर बजा अलर्ट अलार्म


फर्रुखाबाद में गुरुवार देर रात मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज हवाएं चलने लगीं, आसमान में बादल छा गए और बिजली चमकने लगी। इस दौरान कई लोगों के मोबाइल फोन पर ‘एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट’ का अलार्म भी बजा, जिससे लोग दहशत में आ गए। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। फर्रुखाबाद शहर के साथ-साथ फतेहगढ़, कमालगंज, अमृतपुर, राजेपुर, नवाबगंज और कायमगंज में भी तेज हवाएं चलीं और बिजली चमकी। कायमगंज और शहर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि हवा की रफ्तार लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही। तेज आंधी, बारिश और बिजली कड़कने के बीच अचानक लोगों के मोबाइल फोन पर एक तेज चेतावनी ध्वनि के साथ ‘एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट’ का संदेश आने लगा। एक साथ बड़ी संख्या में मोबाइलों पर यह अलर्ट आने से लोग पहले तो कुछ समझ नहीं पाए। अमरदीप, प्रदीप और सद्दाम हुसैन जैसे कई लोगों ने बताया कि जैसे ही काले बादल छाए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, उनके मोबाइल फोन में अचानक सायरन जैसी तेज आवाज बजने लगी और स्क्रीन पर चेतावनी संदेश दिखाई दिया। मोबाइल पर प्राप्त चेतावनी संदेश में बताया गया था कि अगले तीन घंटों में जनपद के कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ तेज आंधी चलने, हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा (कुछ स्थानों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक) रहने, मध्यम से तेज बारिश और ओलावृष्टि होने की बहुत अधिक संभावना है। शुरुआत में कई लोगों ने इस अचानक आए अलर्ट को किसी बड़ी आपदा की चेतावनी समझा। हालांकि, बाद में उन्हें जानकारी मिली कि यह अलर्ट भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और आपदा प्रबंधन प्रणाली द्वारा जारी किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य खराब मौसम से पहले लोगों को सतर्क करना है ताकि संभावित जनहानि और हादसों से बचा जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *