![]()
मुजफ्फरनगर में साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी NEFT स्लिप के जरिए व्यापारियों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी व्यापारियों को नकली पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान लेकर फरार हो जाता था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब अंसारी रोड के इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी नवाज़ आलम ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 23 मई को एक व्यक्ति उनकी दुकान से करीब एक लाख रुपये का कॉपर वायर खरीदकर ले गया और भुगतान के लिए NEFT का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया। बाद में खाते में रकम न पहुंचने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और स्टेटिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को बुढाना रोड से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुज्जमिल पुत्र साजिद अली, निवासी बेहटा हाजीपुर, थाना लोनी बॉर्डर, ज़िला गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और लगभग 10 किलो कॉपर वायर बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी मुज्जमिल ने बताया कि वह कैम स्कैनर जैसे ऐप का उपयोग करके फर्जी NEFT रसीदें तैयार करता था। इन रसीदों को दिखाकर वह व्यापारियों से सामान लेता और फिर फरार हो जाता था। उसने स्वीकार किया कि वह पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है और 2024 में बुढाना क्षेत्र में धोखाधड़ी के एक मामले में जेल भी जा चुका है। पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल से 19 फर्जी NEFT रसीदें मिली हैं, जिनकी कुल रकम 8 लाख 36 हजार रुपये से अधिक है। पुलिस इन रसीदों के आधार पर अन्य संभावित पीड़ितों और संबंधित मामलों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मुजफ्फरनगर के अलावा दिल्ली और गाजियाबाद में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी जव्वाद अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
Source link
फर्जी NEFT स्लिप से ठगी करने वाला गिरफ्तार:व्यापारियों को नकली पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर लाखों की धोखाधड़ी, दिल्ली-गाजियाबाद में भी वारदात