![]()
बरेली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर खुद को आईएएस अधिकारी बताकर शादी करने, सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाने और पति से 40 लाख रुपये मांगने का आरोप है। फरीदपुर पुलिस ने सोमवार को इस वांछित महिला को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पूछताछ में सोशल मीडिया पर फर्जी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर खुद को आईएएस अधिकारी बताने की बात स्वीकार की है। यह मामला फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पचौमी निवासी अभिषेक कुमार की तहरीर पर 27 जून 2026 को दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि साधना और उसके परिजनों ने उसे धोखे से आईएएस अधिकारी बताकर शादी कराई। शादी के बाद महिला ने कथित तौर पर पति का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया, परिवार को धमकाया और 40 लाख रुपये की मांग की। इसी मामले में फरीदपुर पुलिस ने सोमवार को बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम सतेती निवासी साधना को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया और रिमांड की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साधना ने बताया कि उसने बीएससी की पढ़ाई की है और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि पति से विवाद के दौरान उसने गला दबाया था तथा अस्पताल खोलने के लिए उसकी 20 बीघा जमीन बेचने का दबाव बनाया था। पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी ने फेसबुक पर खुद को आईएएस अधिकारी साबित करने के लिए फर्जी फोटो और वीडियो अपलोड किए थे, जिनके आधार पर विवाह का विश्वास दिलाया गया। फिलहाल, पुलिस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Source link
फर्जी IAS बनकर शादी करने वाली महिला गिरफ्तार:पति से 40 लाख मांगने, जान से मारने की धमकी का आरोप