फर्जी डिग्री मामले में कानपुर के 6 वकीलों पर FIR:लॉ और यूपी बोर्ड की मार्कशीट फर्जी मिली , प्रयागराज में अब तक 100 पर मुकदमा


हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रयागराज में मुकदमा दर्ज होने से कानपुर में भी हड़कंप मचा हुआ है। अब तक 100 वकीलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई, जिनमें कानपुर के 6 वकील भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक संख्या और बढ़ने की संभावना है। फर्जी डिग्री का बड़ा नेक्सेस तोड़ने वाली कमिश्नरेट पुलिस भी इस मामले पर अपनी नजर बनाए हुए है। हाईकोर्ट ने तीन जून को दिया था आदेश उच्च न्यायालय इलाहाबाद की ओर से याचिका में मो. कफील बनाम स्टेट आफ यूपी व अन्य में पारित आदेश के बाद बार काउंसिल आफ उप्र में पंजीकृत ऐसे अधिवक्ता जिनकी डिग्री बार काउंसिल ऑफ इंडिया सर्टिफिकेट एंड प्लेस आफ प्रैक्टिस वेरीफिकेशन नियम 2015 के तहत सत्यापन में फर्जी पाई गई। उनके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराए का आदेश हुआ था। हाईकोर्ट ने इस संबंध में तीन जून 2026 को आदेश दिया था। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रयागराज में कानपुर के 6 वकीलों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। सत्यापन में इनकी डिग्रियां फर्जी पाई गईं। इनमें कल्याणपुर के दयानंद विहार निवासी पंकज कुमार, बर्रा दामोदर नगर निवासी जय नारायण कटियार, बर्रा कांशीराम कालोनी जरौली फेस-1 निवासी विकास राजपूत और कल्याणपुर के आवास विकास निवासी प्रवीण सक्सेना, अनीता जैन व कमरुद्दीन के खिलाफ मुकदमा हुआ है। सत्यापन में डिग्री फर्जी मिली यूपी बार काउंसिल की ओर से सीओपी के दौरान डिग्री और अंकपत्रों का सत्यापन कराया जाता है। इस कड़ी में पंकज कुमार की डिग्री शोभित विश्वविद्यालय मेरठ, जय नारायण कटियार की डिग्री स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय सागर, मध्य प्रदेश, विकास राजपूत की डिग्री मंगलायतन विश्वविद्यालय अलीगढ़ और प्रवीण सक्सेना की मार्कशीट माध्यमिक शिक्षा परिषद से सत्यापन में सही नहीं मिली, वहीं कमरुद्दीन व अनीता जैन की एलएलबी की डिग्री फर्जी पायी गई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया। 12 सौ से ज्यादा फर्जी डिग्री मिल चुकी, 9 से ज्यादा गए जेल किदवई नगर पुलिस ने सबसे पहले फर्जी डिग्री के खेल का खुलासा किया था। इसके बाद चमनगंज में फर्जी डिग्री छापने का कारखाना पकड़ा गया। इसी कड़ी में फीलखाना और कल्याणपुर पुलिस ने भी फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने वालों पर कार्रवाई की। चार माह के भीतर हुई इन कार्रवाईयों में 10 से अधिक लोग जेल भेजे गए, जबकि अब तक 1200 से ज्यादा फर्जी डिग्रियां मिल चुकी है। किदवई नगर पुलिस ने संस्था से करीब एक हजार फर्जी डिग्री बरामद होने का दावा किया था। इसमें कुछ डिग्रियां लॉ से जुड़ी थी। पुलिस का दावा था कि कानपुर में भी फर्जी डिग्री लेकर कुछ लोग वकालत कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *