फरीदाबाद में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:चचेरी बहन की शादी में जा रहा, यूपी का रहने वाला, परिजन बोले- धक्का दिया


फरीदाबाद से एक हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में चचेरी बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों के आने का इंतजार किया जा रहा था, उसी घर का एक बेटा शादी में शामिल होने के लिए रास्ते में था, लेकिन वह अपने घर नहीं पहुंच सका। तेलंगाना एक्सप्रेस से गिरने के कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय देव सिंह के रूप में हुई है। वह आगरा जिले के गांव भिलावली का रहने वाला था और दिल्ली की एक निजी सिक्योरिटी कंपनी में नौकरी करता था। परिवार के मुताबिक, देव सिंह गुरुवार दोपहर अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से तेलंगाना एक्सप्रेस में सवार होकर अपने गांव जा रहा था। परिवार के लोग उसकी राह देख रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन जब फरीदाबाद में बड़खल फ्लाईओवर के पास स्थित एसटीपी के सामने पहुंची, तभी संदिग्ध परिस्थितियों में देव सिंह ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने लगाया धक्का देकर गिराने का आरोप हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जहां शादी की रस्मों की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी इस घटना को लेकर गहरा दुख है। मृतक के भाई चंद्रपाल ने आरोप लगाया है कि देव सिंह खुद ट्रेन से नहीं गिर सकता। उनका कहना है कि किसी ने उसे धक्का देकर ट्रेन से नीचे गिराया है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि जब तक घटना की सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक इसे केवल हादसा मानना उचित नहीं होगा। जरनल कोच में सफर कर रहा था युवक वहीं, मामले की जांच कर रही जीआरपी की जांच अधिकारी सुदेश कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देव सिंह जनरल कोच में सफर कर रहा था। ट्रेन में काफी भीड़ थी और संभवतः झटका लगने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नीचे गिर गया। हालांकि पुलिस परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *