![]()
फतेहपुर में पुलिस और प्रशासन ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत करीब 90 लाख रुपये मूल्य की अवैध बीयर और शराब को नष्ट किया गया। यह विनिष्टीकरण थाना मलवां परिसर में जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर किया गया। यह कार्रवाई आबकारी अधिनियम के विभिन्न मामलों में जब्त की गई अवैध शराब के संबंध में की गई। कोर्ट के आदेश पर जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति की निगरानी में इसे नष्ट किया गया। कुल 05 मुकदमों से संबंधित 12,048 कैन अवैध बीयर और 10,749.973 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार निस्तारण किया गया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, जिला आबकारी अधिकारी, जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) और प्रभारी निरीक्षक मलवां सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इन अधिकारियों की देखरेख में जेसीबी का उपयोग कर जब्त की गई शराब और बीयर को गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
फतेहपुर में 90 लाख की अवैध शराब नष्ट:12048 बीयर कैन और 10749 लीटर शराब का विनिष्टीकरण