रामपुर में कोसी नदी में नहाते समय युवक लापता:गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले डूबा, दमकल की टीम तलाश में जुटी


रामपुर के कोतवाली सिविल लाइंस इलाके में मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले कोसी नदी में नहाने गया एक युवक डूबकर लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला। लापता युवक की पहचान राजपाल के तौर पर हुई है। बताया गया कि राजपाल अपने तीन साथियों के साथ कोसी नदी किनारे पहुंचा था। गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले सभी नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान राजपाल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने के बाद दिखाई नहीं दिया। साथियों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और परिवार को दी। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सीएफओ सुमित तमर ने बताया कि युवक के नदी में डूबने की खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। 10 से ज्यादा लोगों की टीम गोताखोरों के साथ लगातार नदी में युवक की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद है और खोजबीन जारी है। राजपाल के भाई मुलायम सिंह ने बताया कि घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं था। उसे जानकारी मिली कि राजपाल गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले अपने साथियों के साथ कोसी नदी में नहा रहा था। इसी दौरान वह डूब गया। परिवार के मुताबिक राजपाल अपने तीन भाइयों के साथ संयुक्त परिवार में रहता था। वह शराब फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिवार के मुताबिक राजपाल के तीन बच्चे हैं। इनमें ऋषभ की उम्र 10 साल, देविका की पांच साल और रजत की उम्र तीन साल है। उसकी पत्नी कानसूजा फिलहाल अपने मायके में है। युवक के लापता होने की खबर के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। नदी किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। दमकल और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *