फतेहपुर में सांप के काटने से सहायक अध्यापक की मौत:हजारिया बाबा देवस्थान के मैदान में टहलते समय हादसा, इलाज के दौरान गई जान


फतेहपुर के सुरझानपुर गांव में एक सहायक अध्यापक की सर्पदंश से मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह उस समय हुई जब वह टहलने निकले थे। उनके निधन से परिवार, गांव और शिक्षा विभाग में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सुरझानपुर निवासी दिनेश सिंह (40) पुत्र स्वर्गीय मान सिंह रविवार सुबह गांव के समीप स्थित हजारिया बाबा देवस्थान के मैदान में टहल रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक विषैले सर्प ने डस लिया। प्रारंभ में दिनेश सिंह ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों को सूचना मिलने पर वे उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दिनेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक दिनेश सिंह शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उनकी वर्तमान तैनाती चित्रकूट जनपद के रामनगर विकासखंड स्थित कंपोजिट विद्यालय पितलिया माफी में थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। दिनेश सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *