फतेहपुर में पुलिस से मुठभेड़ में एक बदमाश घायल:8 साथी गिरफ्तार, तीन फोर व्हीलर, 10 मोबाइल और बकरियां बरामद


फतेहपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गुनीर तिराहे के पास हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके आठ अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ सोमवार को उस समय हुई जब कल्याणपुर पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन कारों में सवार कुछ संदिग्ध लोग तेज रफ्तार से आते दिखे। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी लवलेश निषाद पुत्र रामबाबू निषाद के पैर में गोली लगी। लवलेश निषाद टीकापुर थाना जलालपुर जनपद हमीरपुर का निवासी है। उसे तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल नौ आरोपियों को पकड़ा, जिनमें घायल बदमाश भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चार पहिया वाहन (एक्सयूवी-300, बोलेरो और वैगनआर), 10 मोबाइल फोन, छह बकरियां, 58,100 रुपये नकद और एक 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। बरामद नकदी बकरियों की बिक्री से प्राप्त होना बताया गया है। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 17 मार्च 2026 को कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गगौली में हुई बकरियों की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा, गाजीपुर और जहानाबाद थाना क्षेत्रों में हुई बकरी चोरी की अन्य घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। घायल आरोपी लवलेश निषाद का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना कल्याणपुर प्रभारी निरीक्षक सुमित देव पांडेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रविशंकर यादव, संजय परिहार,हिमांशु सिंह,विवेक कुमार,कमलेश सरोज समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।पुलिस पूरे गिरोह के आपराधिक नेटवर्क की जांच भी कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *