![]()
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक तालाब में अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी तुरबाअली का पुरवा इलाके में स्थित एक तालाब की है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में एक युवक का शव उतराता हुआ देखा। यह खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि तालाब में अज्ञात युवक का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
Source link
फतेहपुर में तालाब में मिला युवक का शव:हत्या की आशंका, दो दिन पहले मौत का अनुमान, पुलिस शिनाख्त करने में जुटी