![]()
फतेहपुर में गोकशी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। खागा और हथगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात बरकतपुर गांव के पास ससुर खदेरी नदी के जंगल में घेराबंदी की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शहजादे के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका बेटा सीबू उर्फ शहबाज आलम भागने की कोशिश करते समय घेराबंदी में पकड़ा गया। मुठभेड़ 24/25 अगस्त की रात खागा थाना क्षेत्र में हुई। घायल शहजादे को पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। वहीं पुलिस ने दूसरे आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गोकशी में इस्तेमाल होने वाले औजारों के साथ तमंचा और कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस को देखते ही फायरिंग पुलिस के मुताबिक, बरकतपुर गांव के पास ससुर खदेरी नदी के जंगल में टीम ने आरोपियों को घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली शहजादे के दाहिने पैर में लगी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मौके से शहजादे का बेटा सीबू उर्फ शहबाज आलम भागने लगा। पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। गोकशी के औजार और तमंचा बरामद पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से छह चाकू, दो कुल्हाड़ी, एक चापड़, दो साल वाले पत्थर, गोवंश को बांधने के लिए रस्सी और सीकड़ बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। 13 से ज्यादा मुकदमों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में फतेहपुर समेत अन्य जनपदों में दोनों के खिलाफ 13 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों और रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
Source link
फतेहपुर में गोकशी में फरार पिता-पुत्र से पुलिस की मुठभेड़:एक के पैर में लगी गोली, दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ा; औजार और तमंचा बरामद