![]()
मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के गौहरपुर गांव में गुरुवार दोपहर युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर किया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इसके बाद पुलिस ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। पुलिस के अनुसार, गौहरपुर गांव निवासी 20 वर्षीय दीपक कुमार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ा था। युवक का कहना था कि वह ढाढ़ाचवर गांव की एक युवती से प्रेम करता है, लेकिन दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं। दीपक ने जिद की कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। करीब एक घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात को गंभीरता से सुना जाएगा और कानून के दायरे में रहकर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी हो गया। युवक के नीचे उतरने पर पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस ने उसके परिजनों को भी बुलाकर दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की, ताकि मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके। कोतवाली प्रभारी के.के. वर्मा ने बताया कि युवक और युवती के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध है। शादी न हो पाने से युवक ने यह कदम उठाया। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों के अनुसार, युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और उसका उपचार चल रहा है। समझाने-बुझाने के बाद परिजन युवक को अपने साथ घर ले गए।
Source link
प्रेमिका से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ा युवक:पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा, थाने ले गई