![]()
प्रयागराज शहर उत्तरी विधानसभा से भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने कहा- शहर उत्तरी क्षेत्र में बाढ़ की समस्या से राहत, सड़कों के चौड़ीकरण और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अभी छोटा बघाड़ा में एक नया बांध बनाने की जरूरत है, जो बड़ा बघाड़ा के टीले से जाकर जुड़ेगा। इससे छोटा बघाड़ा में हर साल बाढ़ में डूबने वाले हजारों मकानों को राहत मिलेगी। इसके प्रयास करेंगे। दैनिक भास्कर से बातचीत में विधायक ने अपने कामकाज, अधूरे प्रोजेक्ट और 2027 के चुनाव को लेकर खुलकर बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: खुद अपने काम पर टिप्पणी करना मुझे ठीक नहीं लगता। इतना जरूर कहूंगा कि हर दिन सीखने और सुधार करने की जरूरत होती है। जितना काम हुआ है, उसमें लगातार सुधार की कोशिश रहती है। सवाल: सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब: मैं इसके लिए योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद देना चाहता हूं। मेरे प्रस्ताव पर सलोरी से हेतापट्टी को जोड़ने वाला करीब 1000 करोड़ रुपये का पुल स्वीकृत हुआ है। यह उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में ब्रिज कॉरपोरेशन की सबसे बड़ी परियोजना है। इसकी पहली किस्त के रूप में 300 करोड़ रुपये भी जारी हो चुके हैं। यह ऐतिहासिक काम होगा और इसकी छाप आने वाले 50 साल तक दिखाई देगी। इसके बनने से हेतापट्टी क्षेत्र में नए प्रयागराज के बसने की संभावना बनेगी, ठीक उसी तरह जैसे लखनऊ में गोमतीनगर और दिल्ली में नोएडा विकसित हुआ। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जिसे आप नहीं करा पाए?
जवाब: शहर में कई वर्षों से नदी के किनारे लैंड रिक्लेम का काम नहीं हुआ है। करीब 500 साल पहले बख्शी बांध बनाकर अल्लापुर क्षेत्र की जमीन कछार से रिक्लेम की गई थी। उसी तरह छोटा बघाड़ा में एक नया बांध बनाने की जरूरत है, जो बड़ा बघाड़ा के टीले से जाकर जुड़ेगा। इससे छोटा बघाड़ा की जमीन रिक्लेम हो जाएगी और हर साल बाढ़ में डूबने वाले हजारों मकानों को राहत मिलेगी। इसके अलावा शहर उत्तरी विधानसभा में एक रिंग रोड की भी जरूरत है। यह काली सड़क से होते हुए द्रौपदी घाट तक जाएगी और फिर थॉर्नहिल रोड, बालसन चौराहे से जीटी जवाहर रोड को रेड लाइट फ्री करते हुए दोबारा काली सड़क तक पहुंचेगी। इसका प्रस्ताव पास हो चुका है और काम प्रगति पर है। कुछ महत्वपूर्ण सड़कों का चौड़ीकरण भी होना है, जिनमें अल्लापुर की मटियारा रोड, शिवकुटी की सीता नर्सरी रोड और दारागंज की कच्ची व पक्की सड़क शामिल हैं। कोशिश है कि ये काम अगले अर्धकुंभ से पहले पूरे हो जाएं। सवाल: इस बार क्या फिर आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: अगर पार्टी टिकट देगी तो 2027 में चुनाव लड़ेंगे। पार्टी चाहेगी तो दावेदार होंगे। अंतिम निर्णय पार्टी का होता है। सवाल: चुनाव को लेकर क्या तैयारी है?
जवाब: चुनाव के लिए हम अलग से कोई तैयारी नहीं करते। जनता के बीच रहना, विकास कार्य करना और धार्मिक आयोजनों में भाग लेना- यह क्रम पहले साल जैसा ही पांचवें साल भी रहता है। मुझे लगता है कि अगर किसी विधायक को चुनाव के पांचवें साल में विशेष तैयारी करनी पड़ रही है, तो उसे अपने काम करने के तरीके पर विचार करने की जरूरत है।
Source link
प्रयागराज शहर उत्तरी विधायक बोले-छोटा बघाड़ा में बांध की जरूरत:बाढ़ में घर डूबने से बच सकेंगे, इसका प्रयास करूंगा; 2027 में पार्टी चाहेगी तो दावेदार होंगे