प्रयागराज में विकसित हो रहा ऐतिहासिक प्रेरणा पार्क:23 जून को होगा उद्घाटन, काली घाट पर राष्ट्रनायकों की प्रतिमाएं होंगी स्थापित


प्रयागराज नगर निगम द्वारा यमुना बैंक रोड स्थित काली घाट पर ‘प्रेरणा पार्क’ विकसित किया जा रहा है। यह पार्क शहर में राष्ट्रभक्ति, प्रेरणा और चिंतन का नया केंद्र स्थापित करेगा। इसमें देश के राष्ट्रनायकों श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। महापौर गणेश केसरवानी ने बुधवार को निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। महापौर ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देना है। महापौर ने बताया कि 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर इन प्रतिमाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रेरणा पार्क आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसमें हरित क्षेत्र, प्रकाश व्यवस्था, सुगम पथ, बैठने की व्यवस्था और सौंदर्यीकरण शामिल हैं। यह पार्क शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण जैसे मूल्यों से जोड़ने का कार्य भी करेगा। निरीक्षण के दौरान पार्षद रूद्र सेन जायसवाल, मुकेश कसेरा, अंकुश शर्मा, शुभम वैद्य, हिमालय सोनकर, वीरेंद्र पटेल और संस्कार सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना की सराहना की। स्थानीय नागरिकों में भी इस परियोजना को लेकर उत्साह है। उनका मानना है कि यह पार्क शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *