प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल:शिव चौक पहुंचकर किया जलाभिषेक, कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण


कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर ने गुरुवार शाम करीब 6 बजे मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। भगवान शिव का किया जलाभिषेक शिव चौक पहुंचने पर प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले शिव मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने डीएम और एसएसपी के साथ कांवड़ मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। कांवड़ कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं परखी प्रभारी मंत्री ने शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, खोया-पाया केंद्र और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समीक्षा बैठक में तैयारियों की हुई समीक्षा इससे पहले विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कांवड़ मेले की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक इंतजामों पर चर्चा की गई। पैदल मार्च कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, एसएसपी और अन्य अधिकारियों ने मीनाक्षी चौक से शिव चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद बैठक एवं निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी (ईओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *