प्रभारी मंत्री ने गिनाईं केंद्र-प्रदेश सरकार की उपलब्धियां:सिद्धार्थनगर में 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान


सिद्धार्थनगर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “विश्वास, विकास और जनकल्याण” अभियान के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग के मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने की। इस अवसर पर कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) से 21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) तक विशेष जनसंपर्क एवं जनकल्याण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर, स्वास्थ्य मेले और चौपालों का आयोजन किया जा रहा है, जहां पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है और उन्हें योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है।
मंत्री राजभर ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास, विरासत संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘लखपति दीदी’ और ‘करोड़पति दीदी’ जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को भी मजबूती मिली है। खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता, वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और औद्योगिक विकास को उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया।
उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। प्रदेश सरकार ने अब तक 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं, जबकि 16 लाख लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त, 36 लाख से अधिक युवाओं को करियर काउंसलिंग का लाभ मिला है और 50 हजार से अधिक लोगों ने विदेशों में रोजगार प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 56 प्रतिशत हिस्सा अकेले उत्तर प्रदेश में है। बेहतर बिजली आपूर्ति और मजबूत कानून व्यवस्था के कारण औद्योगिक निवेश को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में प्रदेश का कोई भी युवा रोजगार के लिए बाहर जाने को मजबूर न हो, बल्कि अन्य राज्यों के लोगों को भी उत्तर प्रदेश में रोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने उत्तर प्रदेश को देश का “ग्रोथ इंजन” बताते हुए कहा कि प्रदेश अपार संभावनाओं के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान “विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष” विषयक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *