![]()
प्रतापगढ़ पुलिस को गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली है। CEIR पोर्टल की तकनीकी मदद और सर्विलांस के जरिए पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के कुल 183 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 29 लाख 28 हजार रुपये है। गुरुवार दोपहर एक बजे पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में एक कार्यक्रम हुआ। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार ने बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों ने प्रतापगढ़ पुलिस के काम की तारीफ की। पुलिस के अनुसार, मोबाइल बरामदगी अभियान में लगातार अच्छे नतीजे मिल रहे हैं। अगस्त महीने में मोबाइल बरामदगी की 81 प्रतिशत रिकवरी हुई, जबकि जुलाई में जिले की रैंकिंग छठे नंबर पर आ गई। बरामद किए गए 183 मोबाइलों में Vivo, Realme, Oppo, Samsung और Redmi जैसे कई कंपनियों के फोन शामिल हैं। एएसपी आलोक कुमार ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाने में बताएं और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि IMEI नंबर के आधार पर CEIR के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल को नेटवर्क पर ब्लॉक कराया जा सकता है। इससे फोन के दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलती है।
Source link
प्रतापगढ़ में 183 गुम-चोरी मोबाइल बरामद:पुलिस ने 29.28 लाख के फोन मालिकों को लौटाए