प्रतापगढ़ में जेवर के लालच में वृद्धा की हत्या:पुलिस जांच में नशेड़ियों पर शक, गले-कान पर खरोंच; अज्ञात पर मुकदमा दर्ज


प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र में एक वृद्धा की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस और ग्रामीणों को आशंका है कि जेवर लूटने के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना हथिगवां थाना क्षेत्र के भोला का पुरवा बरना गांव की है। यहां 85 वर्षीय फुलझरिया देवी अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति भगवत प्रसाद का निधन लगभग 25 वर्ष पहले हो चुका था। उनके चार बेटे हैं, लेकिन फुलझरिया देवी एक अलग कमरे में रहती थीं। वह अक्सर चांदी के जेवर पहनकर रहती थीं। सोमवार सुबह गांव के लोगों ने उनके कमरे में झांका तो फुलझरिया देवी का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उनके शरीर पर संघर्ष के निशान थे, और हाथ, गले व कान के पास खरोंच दिखाई दे रही थी। कमरे का सामान बिखरा हुआ था और उनके पहने हुए जेवर भी गायब थे।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अज्ञात बदमाश जेवर चोरी करने के इरादे से घर में घुसे थे। वृद्धा द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी। संघर्ष के दौरान ही उनके शरीर पर खरोंच के निशान आए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि वृद्धा के कान की बाली, पायल, चांदी की चेन और अंगूठी गायब हैं। मृतका के बड़े बेटे देवतादीन की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *