![]()
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, चमेला का पुरवा गांव निवासी हृदय लाल निर्मल उर्फ कल्लू के मकान की पक्की दीवार में नकब लगाकर चोर घर में घुसे। उन्होंने कमरे की अलमारी और बॉक्स का ताला तोड़कर 14 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। इसी गांव में रामावती के घर भी चोरों ने नकब लगाकर प्रवेश किया। यहां से चोर 18 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान लेकर चले गए। सुबह जब परिजन सोकर उठे, तो कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखकर हैरान रह गए। वहीं, खेतों की ओर गए ग्रामीणों को गांव के बाहर टूटे हुए अटैची, सूटकेस और बिखरा सामान मिला।
घटना की सूचना यूपी-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link