![]()
जौनपुर के खेतासराय क्षेत्र में दूल्हे आजाद बिंद की हत्या के बाद कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उनके बडउर गांव स्थित आवास पर पहुंचा। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जौनपुर सदर के पूर्व विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता नदीम जावेद ने दिवंगत आजाद बिंद के परिवार को 50,000 रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने में हर संभव सहयोग का भी आश्वासन दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने मोबाइल फोन के माध्यम से पूर्व विधायक नदीम जावेद की परिजनों से बात कराई। परिजनों से बातचीत के बाद डॉ. सिंह ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून का भय समाप्त हो गया है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, जिससे जंगलराज जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आगे आरोप लगाया कि “बुलडोजर के नाम पर भय दिखाने वाली योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराधियों का बोलबाला बढ़ गया है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विवाह के लिए जा रहे दूल्हे की दिनदहाड़े हत्या सरकार के कानून-व्यवस्था संबंधी दावों की पोल खोलती है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने प्रशासन से मांग की कि अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे पीड़ित परिजनों को तत्काल न्याय मिल सके। इस प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल, सभासद शहनवाज मंजूर, दिनेश तिवारी, जय मंगल यादव, जयप्रकाश मिश्रा, सद्दाम प्रधान, राजकुमार गुप्ता, इकबाल हुसैन, मुहम्मद ताहिर और आदिल सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल थे।
Source link
पूर्व विधायक नदीम जावेद ने दी ₹50,000 की आर्थिक सहायता:कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दूल्हे के परिजनों से मुलाकात की