![]()
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 30वें दीक्षांत समारोह से पहले परिणाम घोषित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और सभी विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं एक साथ करा रहा है। विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह 27 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। राजभवन से पत्र जारी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न समितियों का गठन कर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के लगभग 50 प्रतिशत बड़े विषयों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं। जिन विषयों की परीक्षाएं समाप्त हो रही हैं, उनकी उत्तर पुस्तिकाएं तुरंत मंगवाकर मूल्यांकन कार्य शुरू किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दावा किया है कि स्नातक और स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्रों का परिणाम दीक्षांत समारोह से पहले हर हाल में घोषित कर दिया जाएगा। अंतिम वर्ष के छात्रों का परिणाम घोषित होने के बाद ही टॉपरों की सूची तैयार की जाएगी और गोल्ड मेडल के लिए उनका चयन होगा। दीक्षांत समारोह की तैयारी में लगी समितियों की बैठक में कुलपति ने परिणाम समय पर घोषित करने के निर्देश दिए हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से जौनपुर और गाजीपुर के कुल 604 महाविद्यालय संबद्ध हैं, जिनकी परीक्षाएं अभी जारी हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि समय पर परिणाम घोषित करने के उद्देश्य से परीक्षा के साथ ही मूल्यांकन और प्रायोगिक परीक्षाएं एक साथ संचालित की जा रही हैं।
Source link
पूर्वांचल विश्वविद्यालय: दीक्षांत समारोह से पहले परिणाम की तैयारी तेज:कॉपियों का मूल्यांकन और प्रायोगिक परीक्षाएं एक साथ जारी