![]()
सहारनपुर में मां की दुर्घटना में मौत के बाद मिलने वाले सरकारी अनुदान के पांच लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फाइल का काम कराने के नाम पर दो लोगों ने पीड़ित से 40 हजार रुपए लिए और उसके नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाकर सरकारी अनुदान की रकम उसमें डलवा दी। इसके बाद मोबाइल सिम के जरिए फोन-पे से खाते में आई पूरी रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम सतपुरा निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मां की 22 जुलाई 2025 को दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद सरकार की ओर से परिवार को पांच लाख रुपए का अनुदान मिलना था। अमित के अनुसार उसने अपनी फाइल का काम कराने के लिए ग्राम मंधहौर निवासी जयदेव पुत्र त्रिलोक चंद और मोनू पुत्र त्रिलोक चंद को जिम्मेदारी दी थी। इसके लिए उसने अपनी जमीन गिरवी रखकर 40 हजार रुपए भी दिए थे। आरोप है कि दोनों ने अमित के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाया और सरकारी अनुदान के पांच लाख रुपए उस खाते में डलवा दिए। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल से फोन-पे से खाते में आई पूरी रकम निकाल ली। अमित का कहना है कि इसके बाद से आरोपी उसका फोन भी नहीं उठा रहे हैं और न ही रकम वापस करने की बात कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार जब वह आरोपियों के घर पैसे मांगने गया तो उनके परिवार के लोगों ने भी उसे धमकाया। आरोप है कि परिवार वालों ने साफ कहा कि वे कोई पैसा नहीं देंगे और उससे जो बन पड़े, वह कर ले। अमित ने पुलिस को बताया कि मामले में उसने पहले बिहारीगढ़ और थाना सरसावा में भी प्रार्थना पत्र दिए थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में फर्जी बैंक खाता खुलवाने, सरकारी अनुदान की रकम खाते में आने और फोन-पे के माध्यम से रकम निकाले जाने के आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों और खाते से जुड़े लेनदेन की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link
सहारनपुर में फर्जी एकाउंट से निकाले अनुदान के 5 लाख:मां की एक्सीडेंट मे हुई मौत के बाद मिलनी थी रकम, जमीन गिरवी रखकर 40 हजार रुपए भी दिए